#हरदोई के तहसील सवायजपुर क्षेत्र से एक विधवा महिला ने जमीन कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता रेखा, निवासी ग्राम दहेिलिया मजरा अहिरनपुरवा, ने शिकायत पत्र में बताया कि उनके ससुर रामरतन के नाम दर्ज भूमि (गाटा संख्या 944/0.650) में उन्हें हिस्सेदारी मिली थी। महिला का आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा न केवल उनके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, बल्कि पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल की मिलीभगत से सहन (आंगन) की जमीन पर भी दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार वह एक असहाय विधवा हैं और प्रभावशाली लोगों द्वारा लगातार उत्पीड़न झेल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी लोग पुलिस बल की मदद से जबरन कब्जा करना चाहते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा और संपत्ति दोनों खतरे में हैं। महिला ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जे को रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में पुलिस और राजस्व विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह प्रशासनिक निष्पक्षता पर बड़ा सवाल होगा।











