हरदोई मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी उपलब्धि, अब यहीं होगी स्वाइन फ्लू की जांच
(रिपोर्ट : संपादक : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
.
#हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय हरदोई ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण सोपान तय किया है। मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में स्वाइन फ्लू (इन्फ्लूएंजा) की अत्याधुनिक जांच सुविधा का शुभारंभ हो गया है। इस पहल से जनपद ही नहीं, बल्कि समूचे मंडल के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक स्वाइन फ्लू जैसे गंभीर वायरल संक्रमण की पुष्टि के लिए मरीजों को लखनऊ समेत महानगरों की निजी प्रयोगशालाओं पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। पर अब यह जांच अपने ही मेडिकल कॉलेज में सटीकता और त्वरित गति के साथ उपलब्ध होगी।
यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जे. बी. गोगोई के कुशल नेतृत्व और माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति गर्ग के अथक प्रयासों का प्रतिफल है। उनके दिशा-निर्देशन में विभाग को आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सुसज्जित किया गया है।
जांच प्रक्रिया की बागडोर वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. सुशील मिश्रा और डॉ. एकता सिंह संभालेंगे, जबकि नमूनों के संग्रह से लेकर परीक्षण तक की समूची प्रक्रिया लैब तकनीशियनों अवनीश कुमार, कमलेश कुमार, अविनाश कुमार, सर्वेश कुमार, ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह व लैब सहायक अभय कुमार की दक्ष टीम द्वारा संपादित की जाएगी।
प्राचार्य डॉ. गोगोई ने कहा कि इस सेवा के प्रारंभ होने से संदिग्ध मरीजों का समय रहते चिन्हांकन और त्वरित उपचार संभव हो सकेगा, जो संक्रमण पर नियंत्रण के लिए बेहद आवश्यक है। विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति गर्ग ने आश्वस्त किया कि विभाग अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता और विश्वसनीयता के साथ रिपोर्ट प्रदान करने के लिए कृतसंकल्पित है।











