बारह रबीउल अव्वल के मुबारक अवसर पर उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
(एम डी न्यूज़ रिपोर्ट : संपादक डॉ. अजय कुमार मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। बारह रबीउल अव्वल के मुबारक अवसर पर बुधवार को करीब 11 बजे गोला नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़े अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस शिवम चौराहे से शुरू होकर अशोक चौराहा, विकास चौराहा, पुरानी मिल बाईपास, मोहम्मदी रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जलालपुर, खम्होल, अल्लागंज, भुड़वारा, अर्जुन नगर कॉलोनी, राजेंद्र नगर कॉलोनी, ऊंची भूड़, नीची भूड़, ईदगाह, गढ़ी मोहल्ला, छतौनियां और धीरावां समेत विभिन्न क्षेत्रों से लोग जुलूस में शामिल हुए।
जुलूस के दौरान उलमा और नातख्वानों ने नात-ए-पाक पढ़कर पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की शान में अपनी अकीदत का इजहार किया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। पूरे नगर में धार्मिक माहौल बना रहा।
अमन और भाईचारे का दिया संदेश
12 रबीउल अव्वल मुस्लिम समाज के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस अवसर पर ईद-ए-मिलादुन्नबी के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और कई स्थानों पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाता है। जुलूस के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम ﷺ के प्रति मोहब्बत और अकीदत का इजहार करने के साथ-साथ अमन, भाईचारे, इंसानियत और सद्भाव का संदेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन
जुलूस को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नगर के प्रमुख चौराहों और जुलूस के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे। निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई और पूरे कार्यक्रम की निगरानी की जाती रही।
प्रशासन की मौजूदगी और आयोजकों की व्यवस्था
के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जुलूस ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।












