नवागत थाना अध्यक्ष महेश पाठक ने कार्यभार ग्रहण
(एम डी न्यूज़ रिपोर्ट : संपादक डॉ. अजय मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ-खीरी। थाना हैदराबाद के नवागत थाना अध्यक्ष महेश पाठक ने कार्यभार ग्रहण करने के तीसरे दिन रविवार को थाना परिसर में क्षेत्रीय पत्रकारों के साथ परिचय बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी कार्ययोजना और पुलिस की प्राथमिकताओं से पत्रकारों को अवगत कराया।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाएगा। पीड़ितों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के सामने किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
महेश पाठक ने कहा कि पत्रकारों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तत्पर है।
पत्रकारों से उन्होंने अपील की कि किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट खबर को प्रसारित न किया जाए और समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य कर ली जाए। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक के अंत में थाना अध्यक्ष ने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और उनके मोबाइल नंबर भी नोट किए। इस दौरान शिव कुमार शर्मा, संजय वर्मा, अनुराग मिश्रा, मोनू जायसवाल, पीयूष दीक्षित, पंकज शुक्ला, प्रवीन बाजपेई, रामदेव मिश्र सहित क्षेत्र के तमाम पत्रकार मौजूद रहे











