लखीमपुर खीरी। लुधौरी क्षेत्र का हल्का प्रभार पूर्व लेखपाल अविशेष श्रीवास्तव को पुनः दिए जाने के विरोध में क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी है। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों व किसानों ने एसडीएम निघासन को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी को सौंपकर तैनाती निरस्त करने की मांग की।
किसानों का आरोप है कि पूर्व में बाढ़ के दौरान राहत वितरण तथा फसलों और मकानों की क्षति के सर्वे में लापरवाही बरती गई थी। कथित अनियमितताओं के चलते कई वास्तविक प्रभावित किसान सरकारी सहायता और मुआवजे से वंचित रह गए।
किसानों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व लेखपाल को दोबारा प्रभार दिए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार कर तैनाती निरस्त करने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी:
भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के बैनर तले तहसील निघासन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन के दौरान तहसील अध्यक्ष संदीप सिंह, विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मुख्तियार सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र इकबाल सिंह, बलदेव सिंह, हरजीत सिंह, रमन, दविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण मौजूद रहे।











