कल्याणी मसाले का मंत्री असीम अरुण ने किया निरीक्षण, पीएमएफएमई योजना से खड़ा हुआ 2 करोड़ का कारोबार

इस खबर को सुनें

#हरदोई  (मानव दर्पण न्यूज़ रिपोर्ट : डॉ. अजय मित्रा )

13 अगस्त 2026। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं हरदोई के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने गुरुवार को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत लाभान्वित मेसर्स एसएस इंडस्ट्रीज (कल्याणी मसाले) का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राम तकिया नेवादा, पोस्ट कुरसठ बुजुर्ग स्थित इकाई में उन्होंने फैक्ट्री की स्थापना, उत्पादन प्रक्रिया और संचालन की जानकारी ली।

उद्यम के संस्थापक एवं प्रोपराइटर धीरेन्द्र शुक्ला ने प्रभारी मंत्री को बताया कि पीएमएफएमई योजना से मिली वित्तीय सहायता, सब्सिडी और तकनीकी मार्गदर्शन उनके कारोबार के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर 2023 को इकाई की स्थापना की गई थी। योजना के तहत उन्हें 35 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जबकि विभागीय नियमों के अनुसार करीब 10 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ।

धीरेन्द्र शुक्ला के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी ने करीब 2 करोड़ रुपये की बिक्री की, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी लगभग 1.8 से 2 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। उन्होंने बताया कि उद्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में कल्याणी एग्रोफूड प्राइवेट लिमिटेड के तहत करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये के निवेश से फोर्टिफाइड मल्टीग्रेन आटा इकाई स्थापित करने की योजना है। साथ ही अगले वित्तीय वर्ष में कंपनी का टर्नओवर 3 से 5 करोड़ रुपये तक पहुंचाने और कारोबार का विस्तार पूरे प्रदेश के साथ देशभर में करने का लक्ष्य है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि हरदोई में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ ही लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने कल्याणी मसाले को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि जिले में नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा उद्योगों के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सफल उद्यम की स्थापना और संचालन के लिए संस्थापक धीरेन्द्र शुक्ला को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उद्योग स्थापित करने में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। उद्योगों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है और क्षेत्र का आर्थिक विकास होता है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now