एम डी न्यूज रिपोर्ट : डॉ.अजय कुमार मित्रा लखीमपुर खीरी।
लखीमपुर-खीरी के थाना हैदराबाद क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपी पर सख्त कार्रवाई की है। युवती से जुड़े पुराने मामले में समझौते का दबाव बना रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुन्हूपुर निवासी उमेश कुमार ने थाना हैदराबाद में शिकायत देकर बताया था कि गांव के ही निराला पुत्र प्रेमपाल ने पूर्व में उनकी पुत्री के साथ गलत काम किया था, जिसका मुकदमा पहले से दर्ज है। आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी लगातार फैसले का दबाव बना रहा था और धमका रहा था।
पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना हैदराबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी निराला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमंत कटियार, कांस्टेबल संजीव यादव और कांस्टेबल रवि कुमार की टीम शामिल रही। थाना प्रभारी सुनील मलिक ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
#न्यूज़गोलागोकर्णनाथखीरी












