लखीमपुर खीरी : (रिपोर्ट : धर्मवीर संवाददाता लखीमपुर खीरी)
लखीमपुर-खीरी, 19 अगस्त 2026। नगर पालिका परिषद, लखीमपुर-खीरी में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने नगरवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जलकल, निर्माण, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा गृहकर-जलकर से संबंधित कुल 19 प्रकरण सामने आए। नागरिकों ने पेयजल कनेक्शन, नाली एवं सड़क निर्माण/मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अवैध कब्जे एवं निर्माण तथा गृहकर-जलकर से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं।
अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे नगर पालिका प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर जेई (सिविल) समरा सईद, जेई (जलकल) जितेन्द्र, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मुरारी लाल, जलकल लिपिक अभय सक्सेना, निर्माण लिपिक यतेंद्र बहादुर एवं सर्वेयर अमित सोनी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












