गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी।
शेरपुर गांव में विश्व कल्याण की भावना से आयोजित पांचवीं श्रीरुद्र महायज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बारिश के बावजूद गांव व क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सिर पर कलश धारण कर यज्ञशाला की परिक्रमा की और ट्रैक्टर-ट्रालियों से उल्ल नदी के बक्खारी घाट पहुंचीं।
बक्खारी घाट पर यज्ञाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से विधिवत पूजन एवं संस्कार संपन्न कराया। इसके बाद महिलाओं द्वारा कलशों में लाया गया पवित्र जल यज्ञस्थल पर स्थापित किया गया।
मंगलवार को यज्ञाचार्य पंडित रामप्रताप शुक्ला की अध्यक्षता में वैदिक मंडल ने यजमान रामजी शुक्ला, रामचंद्र मिश्रा, ताराचंद शुक्ला, विजय कुमार शुक्ला एवं अतुल कुमार तिवारी को सपत्नीक मंडप प्रवेश कराया। इसके साथ ही विधि-विधान से वेदी रचना एवं पूजन-अर्चन संपन्न हुआ।
आयोजक मंडल के अनुसार महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तथा रात 8 बजे से 11 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।












