लखीमपुर खीरी। 
(एम डी न्यूज रिपोर्ट : धर्मवीर सवाददाता लखीमपुर खीरी )
मैलानी (लखीमपुर खीरी)। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और भारत पर मिसाइल हमले की अपील से संबंधित वीडियो वायरल करने के मामले में मैलानी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में मैलानी कस्बे निवासी मुबारक खान द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने तथा ईरान से भारत पर मिसाइल हमला करने की अपील किए जाने का आरोप है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी गई।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुबारक खान को तिकुनिया तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आरोपी को जेल रवाना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।












