लखीमपुर खीरी :-
*एम डी न्यूज़ : संपादक डॉ. अजय कुमार मित्रा*
ढखेरवा/पढ़ुआ, लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की दो भैंसों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी मोहित पुंडीर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी की भैंसों के साथ कटहा मोड़ नाले के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शनिवार सुबह करीब 8 बजे कटहा मोड़ नाले से लगभग 250 मीटर आगे दो संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम पुत्र हबीब निवासी पठाननपुरवा थाना पढ़ुआ तथा अमित पुत्र माखन निवासी प्रीतनपुरवा थाना निघासन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की दो भैंस, दो तमंचे (.315 बोर) और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि बरामद भैंसें थाना सिंगाही क्षेत्र से चोरी की गई थीं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। गुलाम के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर और अवैध हथियारों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अमित पर भी चोरी सहित विभिन्न गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी मोहित पुंडीर, उपनिरीक्षक जुबेर अहमद, कांस्टेबल चन्द्रमोहन त्यागी, अंकित कुमार एवं कृष्ण कुमार शामिल रहे।












