लखनऊ :-
(*रिपोर्ट : संपादक डॉ. अजय कुमार मित्रा*)
.
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अक्टूबर से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पेयजल योजनाओं के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को दोबारा भरकर समतल और दुरुस्त किया जाएगा। मानसून के दौरान हुई बारिश के कारण इन मार्गों पर ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए सरकार ने यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण एवं रात्रि प्रवास का फीडबैक भी लिया। एई और जेई को भी रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेयजल योजनाओं के कार्यों की मौके पर नियमित निगरानी हो सके। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।












