#रायबरेली। (रिपोर्ट : संपादक डॉ. अजय कुमार मित्रा )
सांसद राहुल गांधी बुधवार को भी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में उत्साह है। राहुल गांधी सुबह करीब 8 बजे से पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत करेंगे।
राहुल गांधी सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान स्थानीय मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। सांसद अपने दौरे के दौरान सांसद निधि से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और प्रस्तावित योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे।
बैठक की अध्यक्षता राहुल गांधी करेंगे। इसमें जिले में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। दिशा की बैठक के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।












