(मानव दर्पण न्यूज़ :संपादक डॉ.अजय कुमार मित्रा )
.
#हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के निकामदपुर गांव में शनिवार शाम गंगा नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव नदी से बरामद किए। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निकामदपुर गांव निवासी ध्रुव (9) पुत्र रामशंकर और किशन (10) पुत्र बृजपाल शनिवार शाम गांव से लगभग 500 मीटर दूर गंगा नदी किनारे भैंस चराने गए थे। भीषण गर्मी के चलते दोनों बच्चे नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान ध्रुव अचानक गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में किशन भी नदी में उतर गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों बच्चे नदी में समा गए।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अरवल थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। जाल और नावों की सहायता से करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।












