(लखीमपुर खीरी:- (रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी): नगर में बीते दिनों हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को मृतक की जनाजे की नमाज नगर की प्रसिद्ध जामा मस्जिद में अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग शामिल हुए। नमाज-ए-जनाजा के बाद गमगीन माहौल के बीच शव को स्थानीय कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
घटना की संवेदनशीलता और नगर में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। जनाजे के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह को रोकने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद पुलिस उपाधीक्षक ने संभाल रखी थी। उनके साथ प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदी के अलावा पड़ोसी थानों जैसे मैगलगंज, उचौलिया और गोला से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहा।
पुलिस की टीमों ने नगर के प्रमुख चौराहों, जामा मस्जिद परिसर और कब्रिस्तान जाने वाले रास्तों पर लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखी। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।












