ब्रेकिंग न्यूज़ : ( रिपोर्ट :संपादक : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
.#हरदोई: अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और जमीन खरीद-फरोख्त में कथित अनियमितताओं के विरोध में आज आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित कर प्रतीकात्मक रूप से ₹420 का चेक तैयार किया और अपनी नाराजगी जताई।कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान विभिन्न नारे लगाकर राम मंदिर से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कराने की मांग उठाई गई।
जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीराम के नाम पर दिए गए चंदे के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला जिलाध्यक्ष दीपमाला मिश्रा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा हाल के दिनों में राम मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े भूमि सौदों को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने इन आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
जिला महासचिव अनुरुद्ध शुक्ला और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रोशन मियां ने कहा कि मामले में सामने आए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जनता का विश्वास बना रहे। प्रदर्शन में जिला महासचिव अनुरुद्ध शुक्ला, महिला जिलाध्यक्ष दीपमाला मिश्रा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रोशन मियां, मीडिया प्रभारी राजेश त्रिवेदी, कपिल त्रिवेदी, फिरोज मियां सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।












