लखीमपुर खीरी : ( रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ खीरी। मैलानी-सीतापुर रेलवे ट्रैक पर गोला कोतवाली क्षेत्र के भल्लिया बुजुर्ग रेलवे फाटक के निकट शनिवार सुबह करीब 9:22 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। रजागंज से गोला की ओर आ रही 15009 एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अधेड़ अज्ञात महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव क्षत-विक्षत हो गया और शरीर के अवशेष काफी दूर तक जा गिरे। गेटमैन अनुपम कुमार की सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गोलपुलिस के सुपुर्द कर रेलवे ट्रैक साफ कराया, जिसके बाद रेल यातायात बहाल किया गया।
गोला पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन चेहरा स्पष्ट न होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।












