*लखीमपुर खीरी* (रिपोर्ट : रवीन्द्र कुमार सिंह )
थारू जनजाति के युवाओं को शिक्षा के माध्यम से विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए इग्नू प्रयासरत है। इसी प्रयास को मूर्त रूप देते हुए जनवरी 2024 सत्र में थारू जनजाति के युवाओं को निशुल्क स्नातक स्तर की शिक्षा उपलब्ध करने के लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा शिक्षा प्रसार अभियान का शुभारंभ पलिया स्थित जानकी देवी खादी ग्राम उद्योग सेवा संस्थान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ कीर्ति विक्रम सिंह सहायक क्षेत्रीय निदेशक इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा की गई। डॉक्टर सिंह ने थारू जनजाति के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य उच्च कोटि की रोजगार परख शिक्षा जनमानस को उपलब्ध कराना है इसीलिए आज यह परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा जिन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर ली है वह इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इग्नू अध्ययन केंद्र-27131 सी.जी.एन पीजी कॉलेज गोला गोकर्णनाथ जनपद लखीमपुर खीरी उनका अध्ययन केंद्र होगा। उन्होंने कहा कि इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ.अरुण कुमार सिंह द्वारा जनवरी माह में एक वृहद अभियान चलाकर थारू जनजाति के युवाओं को इग्नू अध्ययन केंद्र से जोड़ा जाएगा। खादी ग्राम उद्योग संस्था के समन्वयक निखिल सिंह ने इग्नू की इस पहल का स्वागत किया और विश्वविद्यालय को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। 











