फूलबेहड़ (खीरी), संवाद सूत्र:
भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय बालिका हाई स्कूल गूम में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और फूलबेहड़ पुलिस बल ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “सरदार पटेल अमर रहें” और “राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद” के नारे गूंज उठे।
दौड़ के बाद विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्कूल व पुलिस प्रशासन तथा एंबुलेंस टीम मौजूद रही। सभी ने एक स्वर में कहा — “भारत की असली ताकत उसकी एकता में है।”












