🚨“भाई-भाई के झगड़े ने ली जान!”
(रिपोर्ट :डॉ. अजय मित्रा )
#हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के नरोईया गांव में शुक्रवार शाम एक परिवार उस वक्त तबाह हो गया, जब दो भाइयों के बीच बाइक को लेकर शुरू हुआ विवाद दर्दनाक हादसे में बदल गया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी गंगाराम की परचून और मिठाई की दुकान पर उनका सबसे छोटा बेटा निखिल काम संभालता था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बड़ा भाई शेरू दुकान पर पहुंचा और बाइक मांगने लगा। आरोप है कि वह शराब के नशे में था।
निखिल ने पिता की हिदायत का हवाला देते हुए बाइक देने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों भाइयों में तीखी बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुस्से में शेरू ने दुकान में रखे पेट्रोल से बाइक में आग लगा दी।
🔥 बाइक जलती देख निखिल आग बुझाने दौड़ा, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से और तनाव में उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
ग्रामीणों ने गंभीर हालत में निखिल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
👮 पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में बड़े भाई के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।
⚠️ एक पल का गुस्सा… और उजड़ गया पूरा परिवार!












