लखीमपुर खीरी। (रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ खीरी। आगामी ईदुल अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस चौकी कुकरा क्षेत्र में पुलिस फोर्स के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य एवं चौकी प्रभारी अवलिश कुमार पवार ने किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि ईद के मौके पर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या नई परंपरा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कस्बा कुकरा के मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर आमजन से भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में चौकी प्रभारी कुकरा अवलीश कुमार पवार ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
कुकरा पुलिस का साफ संदेश — शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, अफवाहबाजों की अब खैर नहीं!












