योग ही निरोगी जीवन का आधार, सभी करें नियमित अभ्यास : विजय शुक्ला रिंकू
(एम डी न्यूज़ रिपोर्ट : संपादक : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
लखीमपुर खीरी :-
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ स्थित नीलकंठ सभागार में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन, जिला आयुष समिति एवं नगर पालिका परिषद गोला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुमन्त कुमार, नगर पालिका परिषद गोला के अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’, उपजिलाधिकारी न्यायिक रेनू मिश्रा, तहसीलदार भीम चन्द्र, पूर्व चेयरमैन एलडीवी बैंक सुर्जन लाल वर्मा तथा भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार ने स्वस्तिवाचन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
योग सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर जिले के मास्टर योग ट्रेनर शशिकांत दीक्षित, योग प्रशिक्षक कुलदीप वर्मा, अमित शुक्ला, योगाचार्य देवेन्द्र गिरी एवं नरेन्द्र वर्मा ने प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, भुजंगासन, मकरासन, शलभासन, उत्तानपादासन, हलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन के साथ नाड़ी शोधन, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि “जीवन का सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है और योग इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यम है।”
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुमन्त कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह 15 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। इस दौरान योग शिविर, योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण, योग ब्रेक प्रशिक्षण, योग गोष्ठियां तथा निबंध लेखन, स्लोगन, भाषण एवं योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 21 जून को आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. डालचन्द, डॉ. नवनीत, डॉ. जयदीप, डॉ. अर्चना, पूर्व मंडल अध्यक्ष कुम्भी रविन्द्र कटियार, नामित सभासद शत्रोहन मिश्रा, रामचन्द्र राठौर, गीता विश्वकर्मा, नगर महामंत्री राजेश राठौर, धीरज बाजपेई, विजय मिश्रा, रेखा मिश्रा, सीमा सक्सेना, सीमा वर्मा, वरिष्ठ लिपिक अमित श्रीवास्तव, जेई आदर्श मिश्रा, लेखाकार मोहित अवस्थी, एसआई संदीप वर्मा, आरआई अब्दुल रहीम अंसारी, लवकुश अवस्थी, विमलेश वर्मा सहित सैकड़ों योग साधक उपस्थित रहे। 












