लखीमपुर खीरी। ( रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र की पुलिस चौकी सिकंद्राबाद के गांव चौधकपुर में मंगलवार को गांव से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में एक अधेड़ का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दामोदर वर्मा पुत्र चंद्रभाल (50) निवासी चौधकपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव में पूर्व में हुए विवाद से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दामोदर वर्मा रविवार शाम करीब आठ बजे खाना खाने के बाद गांव में घूमने निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को परिजनों ने थाना नीमगांव पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह परिजन और ग्रामीण खेतों में उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मृतक के ही गन्ने के खेत में उनका शव मुंह के बल पड़ा मिला।
शव मिलने की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। सूचना पर थाना नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया। वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
वन दरोगा विजय सिंह, आंवला बीट ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मौके पर बाघ अथवा किसी अन्य जंगली जानवर के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं मृतक की पत्नी रामबेटी ने करीब चार वर्ष पूर्व तालाब को लेकर हुए विवाद का हवाला देते हुए कुछ विपक्षियों पर हत्या की आशंका जताई है।
थानाध्यक्ष नीमगांव प्रवीर गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।












