लखीमपुरखीरी ( रिपोर्ट : धर्मवीर संवाददाता लखीमपुर खीरी )
लखीमपुर खीरी। जिला महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को कांग्रेस भवन में महिला आरक्षण बिल को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव मौजूद रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए अनामिका यादव ने केंद्र सरकार से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के बजाय परिसीमन और जनगणना जैसे मुद्दों में उलझा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान लोकसभा की 543 सीटों में से ही 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं और इसके लिए सीटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित विधेयक वास्तव में महिला आरक्षण लागू करने के बजाय लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़ा संविधान संशोधन है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार सीटें बढ़ाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जिससे जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अनामिका यादव ने यह भी कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिला मुख्यमंत्रियों की संख्या बेहद कम है। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान के दावों के विपरीत बताया।
बैठक के बाद उपस्थित महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग की। इन पोस्टकार्डों को डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। साथ ही महिला आरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई।
बैठक में कोमल सिंह, चंद्र प्रभा अवस्थी, सरोजनी अवस्थी, नेहा पटेल, मीना वर्मा, सुधा यादव, मोहन चंद्र उप्रेती, राजन यादव, अब्दुल रहीम, मेराज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद रहीं।











