गोला खीरी : ( रिपोर्ट : संपादक : डॉ. अजय कुमार मित्रा)
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। आगामी श्रावण मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने छोटी काशी गोला का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कॉरिडोर, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेटिंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रावण मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा, सुगम यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।












