1857 की क्रांति के महानायक बाबा शाहमल को 169वें शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि

इस खबर को सुनें

बागपत :    (एम डी न्यूज़ रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )

बागपत, उत्तर प्रदेश। 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद एवं महान क्रांतिकारी बाबा शाहमल सिंह तोमर के 169वें शहादत दिवस पर बिजरौल स्थित श्री शाहमल स्मारक इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से हुई, जिसके बाद बाबा शाहमल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बाबा शाहमल का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है और उनका साहस, संगठन क्षमता तथा राष्ट्रप्रेम आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत के मंत्री रवि शास्त्री ने कहा कि बाबा शाहमल ने किसानों और ग्रामीणों को संगठित कर लगभग 6,000 क्रांतिकारियों की सेना तैयार की थी, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। वहीं डॉ. इरफान मलिक ने कहा कि बाबा शाहमल की प्रशासनिक क्षमता और सैन्य रणनीति अद्वितीय थी तथा ब्रिटिश इतिहासकार एरिक स्टोक्स ने भी उनके योगदान को स्वीकार किया है।

समारोह में मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न खापों के चौधरियों को सम्मानित किया गया। आयोजन बाबा शाहमल के पड़पौत्र एवं पूर्व कमांडो रमेश फौजी द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन पूर्व प्रधान अशोक भूत ने किया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now