लखीमपुर खीरी। ( रिपोर्ट : डॉ. अजय मित्रा )
गोला-खीरी। बड़े मंगल के पावन अवसर पर गोला कोतवाली परिसर में मंगलवार को आस्था, सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। गोला पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में पुलिसकर्मियों का सेवा भाव लोगों के दिलों को छू गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी गोला रमेश कुमार तिवारी ने किया। इस दौरान कोतवाल अंबर सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव, एसएसआई देवेंद्र सिंह सहित समस्त उपनिरीक्षक व पुलिस स्टाफ पूरी सक्रियता के साथ मौजूद रहा।
भंडारे की खास बात यह रही कि पुलिस अधिकारी और जवान स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसते नजर आए। खाकी वर्दी में सेवा और विनम्रता का यह रूप देखकर लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अपनापन और मजबूत होता है।
बड़े मंगल के इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।












