एनएच-730 पर भीषण हादसा: मैजिक-ट्रक की टक्कर में 10 की मौत, चीखों से गूंजा हाईवे

इस खबर को सुनें

लखीमपुर खीरी।   (  रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )

गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी। मंगलवार दोपहर एनएच-730 पर पल भर में मातम पसर गया। मैजिक और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही मिनटों में खून से सनी सड़क पर लाशें बिछ गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सवारियों से भरी मैजिक गोला की ओर आ रही थी, तभी सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मैजिक पलट गई। आसपास के लोग दौड़े, पुलिस को सूचना दी। घायलों को निकालने की कोशिश की गई, पर 10 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ घायलों को सीएचसी गोला भेजा गया है।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन मंगाकर वाहनों को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। इसके बाद दोनों अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस भी गए, जहां शवों का पंचनामा कराया जा रहा था। अधिकारियों ने हालात की समीक्षा कर मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा, “यह हादसा बेहद दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी जिला प्रशासन की संवेदनाएं हैं। सरकार से मिलने वाली हरसंभव आर्थिक मदद तत्काल दिलाई जाएगी।” एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया, “ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश जारी है। हादसे की जांच कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।”

एक साथ 10 मौतों से इलाके में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद एक बार फिर एनएच-730 पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों का मुद्दा गरमा गया है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।

#न्यूजलखीमपुरखीरी

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now