पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर कांग्रेस का हमला, सरकार बताए जनता प्राथमिकता या कंपनियों का मुनाफा: रवि तिवारी।

इस खबर को सुनें

 

लखीमपुर खीरी (*रिपोर्ट : डॉ.अजय कुमार मित्रा*)

लखीमपुर खीरी। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता रवि तिवारी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय पेट्रोलियम कंपनियों के हितों को प्राथमिकता देती दिखाई दे रही हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में रवि तिवारी ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही थी, तब देशवासियों को पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई विशेष राहत नहीं मिली। उस दौरान केंद्र सरकार ने उत्पाद शुल्क एवं अन्य करों के माध्यम से जनता से भारी राजस्व वसूला, लेकिन वैश्विक कीमतों में कमी का लाभ आम उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि अब जब कच्चे तेल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हुई है, तो उसका पूरा बोझ सीधे जनता पर डाल दिया जा रहा है। तिवारी ने सवाल उठाया कि जब लाभ हुआ तो उसका फायदा जनता को क्यों नहीं दिया गया और जब कीमतें बढ़ीं तो उसकी भरपाई जनता से क्यों कराई जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता कोई एटीएम नहीं है, जिससे सरकार और पेट्रोलियम कंपनियां अपनी सुविधानुसार धन निकालती रहें। उनका कहना था कि यदि मुनाफा सरकार और कंपनियां कमाती हैं तो संकट की स्थिति में जिम्मेदारी भी उन्हें ही उठानी चाहिए। लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था का उद्देश्य जनता को राहत प्रदान करना है, न कि हर परिस्थिति में उस पर आर्थिक बोझ बढ़ाना। रवि तिवारी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, कृषि कार्यों तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि होती है, जिसका सीधा असर गरीबों, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और मध्यम वर्ग पर पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह स्पष्ट करे कि उसकी प्राथमिकता देश की जनता है या पेट्रोलियम कंपनियों का मुनाफा।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now