लखीमपुर खीरी। (रिपोर्ट :संपादक : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। नगर में जलभराव की समस्या से निपटने और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे नाला सफाई अभियान का शनिवार को पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि सभी प्रमुख एवं सहायक नालों की सफाई निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे और नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं नगर पालिका की प्राथमिकता हैं। सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाए रखने और सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने नगरवासियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन का उपयोग न करें, क्योंकि इससे नालियां और नाले अवरुद्ध हो जाते हैं, जिससे जल निकासी प्रभावित होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।












