लखीमपुर खीरी। (रिपोर्ट : डॉ. अजय कुमार मित्रा )
पलिया, लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व से सटे बुद्धापुरवा गांव में शनिवार सुबह खेतों की ओर गए 65 वर्षीय गया प्रसाद अर्कवंशी पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें बाघ के चंगुल से बचाया और तत्काल सीएचसी पलिया में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क नहीं हो सका। कई बार फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला और समाचार लिखे जाने तक वन विभाग का कोई अधिकारी अस्पताल नहीं पहुंचा था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त, बाघ की निगरानी, प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












